
रायपुर, news jantapost.in विश्व पर्यावरण दिवस (world environment day 2026) के अवसर पर “फ्यूचर ऑफ इंडिया (भारत का भविष्य) अभियान” के तहत शुक्रवार 5 जून को सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव, रायपुर में पर्यावरण संरक्षण के समर्थन में मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा एवं विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर raipur में बनेगी मानव श्रृंखला
मानव श्रृंखला के माध्यम से जंगलों की रक्षा, जल संरक्षण, स्वच्छ वायु और अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया जाएगा। साथ ही लोगों को जलवायु परिवर्तन (क्लाइमेट चेंज) के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में विज्ञान कार्यकर्ता, शिक्षक, डॉक्टर, प्रोफेसर, किसान, मजदूर, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा शासकीय अधिकारी-कर्मचारी भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे।
छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा की रायपुर इकाई की सचिव एवं शिक्षाविद् डॉ. अंजू मेश्राम ने बताया कि अभियान का उद्देश्य रायपुर सहित प्रदेश के अन्य शहरों को बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों से बचाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान वृक्षों के संरक्षण, जल बचाने और हरियाली बढ़ाने के संदेश पर आधारित गीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी
इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा, कृषि संकट, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में आत्मनिर्भरता, वायु प्रदूषण नियंत्रण और बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी। वर्ष 2047 तक एक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-सुरक्षित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ संतुलित एवं सतत विकास की अवधारणा पर विचार-विमर्श किया जाएगा। छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा ने सभी नागरिकों से इस जनजागरूकता कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण के अभियान को मजबूत बनाने की अपील की है।




