
janjgir champa news today : Reporter jantapost.in भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान होकर जांजगीर चांपा खोखरा स्कूल चौक निवासी युवा व्यवसायी रामकिशोर देवांगन ने एक अनोखा और आकर्षक नवाचार किया है। मूल रूप से मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का कार्य करने वाले रामकिशोर ने अपनी सूझबूझ और तकनीकी समझ का उपयोग करते हुए मोटरसाइकिल के ऊपर हरे पत्तों की छतरीनुमा छाया तैयार कर दी है, जो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
read – जांजगीर-चांपा : पूरक परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश
रामकिशोर ने मोटरसाइकिल के दोनों तरफ मजबूत एंगल फिट कर उसके ऊपर हरे पत्तों और टहनियों को इस तरह लगाया है कि चलते समय बाइक चालक को तेज धूप से राहत मिल सके। यह देसी जुगाड़ देखने में जितना अनोखा है, उतना ही उपयोगी भी साबित हो रहा है। सड़क पर निकलते ही लोगों की नजर इस खास मोटरसाइकिल पर टिक जाती है और कई लोग रुककर इसकी तस्वीरें भी ले रहे हैं।
रामकिशोर देवांगन ने बताया कि इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान से काफी परेशानी हो रही थी। बाइक से रोजाना काम पर आने-जाने के दौरान धूप सीधे सिर और शरीर पर पड़ती थी, जिससे बचने के लिए उन्होंने यह नया प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह कम खर्च में तैयार किया गया उपाय है और इससे काफी राहत मिल रही है।
read – जांजगीर-चांपा कलेक्टर ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
जांजगीर चांपा क्षेत्र के लोगों ने भी रामकिशोर के इस नवाचार की सराहना की है। लोगों का कहना है कि जहां एक ओर भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है, वहीं इस तरह के देसी उपाय लोगों को नई सोच और नवाचार के लिए प्रेरित कर रहे हैं। रामकिशोर की यह अनोखी मोटरसाइकिल अब इलाके में आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।




