
समावेशी एवं सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (NTPC ) लिमिटेड की लारा परियोजना ने दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है। परियोजना के आसपास के क्षेत्रों में निवासरत दिव्यांग हितग्राहियों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर, गतिशील एवं सम्मानजनक जीवन जीने में सक्षम बनाने के उद्देश्य से एनटीपीसी लारा की सामाजिक संस्था प्रेरिता महिला समिति द्वारा कृत्रिम अंगों का वितरण किया गया।
NTPC Lara ने वितरित किए कस्टमाइज्ड कृत्रिम अंग
दिनांक 2 जून 2026 को आयोजित कार्यक्रम में प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेखा ठाकुर ने दिव्यांग हितग्राहियों को कृत्रिम अंग प्रदान किए। यह पहल दिव्यांगजनों के जीवन स्तर में सुधार लाने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा उन्हें समाज में सम्मानपूर्वक एवं स्वतंत्र रूप से जीवनयापन करने में सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
read – cg news today
कृत्रिम अंग वितरण से पूर्व विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहायता से हितग्राहियों के घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यकता का आकलन किया गया। इसके आधार पर प्रत्येक हितग्राही के लिए विशेष रूप से अनुकूलित (कस्टमाइज्ड) कृत्रिम अंग तैयार कर उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें अधिक सुविधा और बेहतर उपयोगिता सुनिश्चित हो सके।
प्रेरिता महिला समिति समाज के वंचित
इस अवसर पर श्रीमती रेखा ठाकुर ने कहा कि प्रेरिता महिला समिति समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य ऐसा समाज विकसित करना है, जहां प्रत्येक व्यक्ति सम्मान, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों के साथ जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि यह पहल एनटीपीसी की उस व्यापक सामाजिक प्रतिबद्धता को भी प्रतिबिंबित करती है, जिसके अंतर्गत संस्था विद्युत उत्पादन के साथ-साथ अपने परियोजना क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी सक्रिय योगदान दे रही है।
read – latest cg korba news : कोरबा छत्तीसगढ़ ब्रेकिंग न्यूज
लाभार्थियों ने कृत्रिम अंग प्राप्त करने पर राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम लिमिटेड, लारा तथा प्रेरिता महिला समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सहायता से उन्हें दैनिक कार्यों को अधिक सुगमता और आत्मनिर्भरता के साथ करने में मदद मिलेगी तथा आजीविका के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। लाभार्थियों ने बताया कि कृत्रिम अंगों की सहायता से अब वे अधिक स्वतंत्रता के साथ चल-फिर सकेंगे तथा उन्हें बैसाखियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
एनटीपीसी लारा द्वारा संचालित इस प्रकार की सामाजिक पहलें संस्था की एक जिम्मेदार कॉर्पोरेट नागरिक के रूप में प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं। साथ ही, ये प्रयास दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा एक समावेशी, संवेदनशील और सबको साथ लेकर चलने वाले समाज के निर्माण को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रेरिता महिला समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती तृप्ति पावगी, महासचिव श्रीमती ममता साहू, वरिष्ठ सदस्या श्रीमती शबनम अहमद सहित समिति की अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा बड़ी संख्या में दिव्यांग हितग्राही उपस्थित थे।


