bsp news : भिलाई इस्पात संयंत्र ने बनाया नया उत्पादन रिकॉर्ड

bsp news : भिलाई इस्पात संयंत्र स्थित यूनिवर्सल रेल मिल ने रेल उत्पादन के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए सर्वश्रेष्ठ दैनिक उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यूनिवर्सल रेल मिल ने 22 मई 2026 को आर-260 60ई1 रेल प्रोफाइल में 462 ब्लूम्स के साथ कुल 3,867 टन रेल उत्पादन कर नया “डे रिकॉर्ड” बनाया। इसके साथ ही मिल ने 12 मार्च 2025 को स्थापित 3,852 टन एवं 455 ब्लूम्स के पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि यूनिवर्सल रेल मिल में 260 मीटर लंबे रेल पैनलों का निर्माण किया जाता है, जो भारतीय रेलवे के अधोसंरचना विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Bhilai Steel Plant news – यूनिवर्सल रेल मिल ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

इस उपलब्धि पर सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र तथा कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने यूनिवर्सल रेल मिल की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे सामूहिक समर्पण, तकनीकी दक्षता और बेहतर कार्य समन्वय का परिणाम बताया। उन्होंने कर्मचारियों से वर्तमान वित्तीय वर्ष के उत्पादन लक्ष्यों को इसी प्रतिबद्धता के साथ हासिल करने तथा भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करने का आह्वान किया।

यूनिवर्सल रेल मिल , एक दिन में 3,867 टन रेल उत्पादन

मुख्य महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष (ब्लूमिंग एंड रेल मिल तथा यूनिवर्सल रेल मिल) श्री योगेश शास्त्री ने कहा कि यह सफलता यूनिवर्सल रेल मिल सामूहिक की सतत मॉनिटरिंग, प्रभावी समन्वय और निरंतर परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने इस उपलब्धि में सहयोगी विभागों — स्टील मेल्टिंग शॉप-2, स्टील मेल्टिंग शॉप-3, ट्रैफिक विभाग, प्रोडक्शन प्लानिंग एंड कंट्रोल, रेल कूलिंग लाइन, इंस्ट्रुमेंटेशन, ऑटोमेशन एंड ड्राइव्स, सेंट्रल इलेक्ट्रिकल, सेंट्रल मैकेनिकल टीम तथा तृतीय पक्ष निरीक्षण एजेंसी राइट्स के योगदान की भी सराहना की।

read – bhilai news : IIT भिलाई ने विकसित की स्वदेशी बायोडिग्रेडेबल इम्प्लांट तकनीक

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यूनिवर्सल रेल मिल आने वाले समय में भी उत्पादन और गुणवत्ता के नए मानक स्थापित करेगी। यूनिवर्सल रेल मिल का प्रमुख ग्राहक भारतीय रेलवे है और संयंत्र द्वारा उच्च गुणवत्ता तथा समयबद्ध उत्पादन सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत ग्राहक संतुष्टि की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। भिलाई इस्पात संयंत्र में निर्मित 260 मीटर लंबे रेल पैनल देश में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधारभूत संरचना विकास को नई गति प्रदान कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button